उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पानी से भरे नाले में 60 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला अपने धेवते के जन्मदिन में शामिल होने के लिए बेटी के घर आई हुई थी। परिजनों ने महिला से लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि महिला ने जो जेवर पहन रखे थे वह गायब है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार के सुबह धामपुर थाना क्षेत्र के हिंदू न्यू कॉलोनी स्थित शिखर विद्यालय के सामने पानी से भरे नाले में एक महिला का शव पाया गया, मृतका की पहचान नेहतौर थाना क्षेत्र छिपयान मोहल्ले की रहने वाली शीला देवी पत्नी स्वर्गीय हरपाल सैनी के रूप में हुई।
हत्या की आशंका: मृतका की बेटी का आरोप है कि उसकी मां के जेवर व नगदी लूटने के लिए उसकी हत्या की गई है, आरोप है कि कान का कुंडल, नाक की कील, पांव के पायल बटुए में चार-पांच हजार रुपए नगद रखी हुई थी, जो गायब है। बेटी ने आशंका जताते हुए कहा है कि किसी ने उसकी मां को मार डाला है। उसके मुंह पर चोट भी लगी है।
नवासे के जन्मदिन में आई थी महिला: बताया जाता है कि उसके नवासे का जन्मदिन था, जिसमें शामिल होने के लिए महिला अपने घर से बेटी के घर थाना धामपुर क्षेत्र के हिंदू न्यू कॉलोनी में आई हुई थी।
बेटी का छलका दर्द: मीडिया से रो रो कर मृतका की बेटी ने कहा कि छोटे-छोटे से सभी लोग थे, तभी पिता का स्वर्गवास हो गया, तब से उसकी मां ने उसे पाला था।
बोले सीओ: घटना के बाबत धामपुर क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सुबह 8:00 स्थानीय पुलिस को नाले में 60 वर्षीय महिला का शव होने की जानकारी प्राप्त हुई। तत्काल स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। महिला की पहचान शीला देवी के रूप में हुई है। मृतका के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा के उपरांत पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ