अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित एमएलके पीजी कॉलेज के स्वर्ण जयंती पुरूष छात्रावास में स्थापित शिव मंदिर पर बुधवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर सुंदरकांड पाठ एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान सम्पूर्ण छात्रावास ॐ नमः शिवाय की गूंज से गुंजायमान हो रहा था।
26 फरवरी को महाविद्यालय प्राचार्य प्रो0 जे पी पाण्डेय ने सुंदरकांड के पाठ का शुभारंभ कराया। सुंदरकांड के पाठ के समापन पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल आर के मोहन्ता तथा प्राचार्य प्रो0 पाण्डेय व उनकी धर्मपत्नी डॉ रंजना पाण्डेय, मुख्य नियंता प्रो0 राघवेंद्र सिंह एवं पुरुष छात्रावास वार्डेन डॉ आशीष कुमार लाल सहित कई शिक्षक व छात्रों ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया । पुरोहित विद्वान पंडित पंकज पाण्डेय ने मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक सम्पन्न कराया। इसके बाद हवन-पूजन के साथ भगवान भोलेनाथ की महाआरती की गई। इस दौरान भगवान गणेश, भगवान भोलेनाथ व हनुमानजी की आरती के साथ सम्पूर्ण छात्रावास ॐ नमः शिवाय, ॐ जय शिव ओंकारा, बम बम भोले आदि शिव स्तुति की गूंज से गुंजायमान हो रहा था। तत्पश्चात प्रसाद वितरण के साथ पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल आर के मोहन्ता ने सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यौगिक परंपराओं में इस दिन का विशेष महत्व इसलिए भी है, क्योंकि इसमें आध्यात्मिक साधक के लिए बहुत सी संभावनाएँ मौजूद होती हैं। आधुनिक विज्ञान अनेक चरणों से होते हुए, आज उस बिंदु पर आ गया है, जहाँ उन्होंने आपको प्रमाण दे दिया है कि आप जिसे भी जीवन के रूप में जानते हैं, पदार्थ और अस्तित्व के रूप में जानते हैं, जिसे आप ब्रह्माण्ड और तारामंडल के रूप में जानते हैं; वह सब केवल एक ऊर्जा है, जो स्वयं को लाखों-करोड़ों रूपों में प्रकट करती है। प्राचार्य प्रो पाण्डेय ने कहा कि महाशिवरात्रि आध्यात्मिक पथ पर चलने वाले साधकों के लिए बहुत महत्व रखती है। यह उनके लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है जो पारिवारिक परिस्थितियों में हैं और संसार की महत्वाकांक्षाओं में मग्न हैं। पारिवारिक परिस्थितियों में मग्न लोग महाशिवरात्रि को शिव के विवाह के उत्सव की तरह मनाते हैं। सांसारिक महत्वाकांक्षाओं में मग्न लोग महाशिवरात्रि को, शिव के द्वारा अपने शत्रुओं पर विजय पाने के दिवस के रूप में मनाते हैं। पुरूष छात्रावास वार्डेन डॉ लाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ दिनेश कुमार मौर्य, डॉ लवकुश पाण्डेय, डॉ पंकज श्रीवास्तव, डॉ सुनील कुमार शुक्ल, लेफ्टिनेंट डॉ देवेन्द्र कुमार चौहान व सुशील मिश्र सहित कई शिक्षक, कर्मचारी व छात्र मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ