उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में कई दिनों से गायब सिपाही का नाले में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पीएसी के 38 वीं वाहिनी अलीगढ़ में तैनात सिपाही छुट्टी लेकर घर के लिए निकला था। पुलिस ने सिपाही के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है। वही दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को बन्ना देवी थाने के सूती माल क्षेत्र के नगला कलार नाले में सिपाही का शव पाया गया। जिसकी पहचान जनपद बुलंदशहर के जसनवादी खुर्द गांव रहने वाले अमित पुत्र देशराज के रूप में हुई है।
गुमशुदगी दर्ज: सिपाही के घर न पहुंचने पर परिजनों के सूचना पर बन्ना देवी थाना में 20 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज किया गया था। गुमशुदगी दर्ज करने के 6 दिन बाद शाम को पुलिस ने नाले से सिपाही का शव बरामद किया है।
पीएसी में तैनात था सिपाही: बताया जाता है कि सिपाही अमित कुमार अलीगढ़ के 38वीं बटालियन पीएसी में बीते डेढ़ वर्ष से तैनात था। 18 फरवरी के शाम वह गायब हुआ था। दो दिनों तक खोजबीन के बाद परिजनों ने 20 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराया था।
घर के लिए निकला था सिपाही: बताया जाता है कि सिपाही 3 दिन की छुट्टी लेकर घर के लिए निकला था, इसके बाद वह आगरा गया था, वहां से वापस अपने घर जा रहा था। लेकिन बुलंदशहर पहुंचने के बजाय वह अलीगढ़ में रुक गया।
दो संदिग्ध गिरफ्तार: सिपाही का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, सीसीटीवी कैमरे में खंगालने पर पुलिस को दो संदिग्ध दिखाई दिए थे। जिसमें आकाश नाम का युवक सिपाही के बैग को लेकर जाते हुए दिखाई पड़ा था। सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध दोनों युवकों के साथ सिपाही ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोनों ने सिपाही को छोड़ दिया था। मामले में पुलिस ने दोनों संदिग्ध को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है।
बोले सीओ: मामले में बन्ना देवी द्वितीय पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि नगला कलार नाले एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान अमित के रूप में हुई है, उक्त व्यक्त अलीगढ़ के 38वीं बटालियन पीएसी में आरक्षी के पद पर तैनात था। मामले में थाना बन्ना देवी पर 20 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज किया गया था। घटना में जांच और परिजनों के तहरीर के आधार पर गुमशुदगी को मुकदमे में तब्दील किया गया है। घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया है। उनके पास सिपाही का बैग पाया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ