उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर में घुस गई जिससे कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, पांच लोग घायल हो गए, जिसमें तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज जारी है, पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक देहात कोतवाली क्षेत्र के राजगढ़ में बीती रात लगभग 2:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गई। जिससे मकान में सो रहे दंपति भी घायल हो गए।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू: हादसा होते ही परिवार में कोहराम मच गया। दुर्घटना में उत्पन्न हुई आवाज से अपने अपने घरों में सो रहे ग्रामीण जाग गए। घटनास्थल पर पहुंचकर घायल हुए दंपति और कार सवार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
नींद आने से अनियंत्रित हुई कार: आशंका व्यक्ति जा रही है कि कार चालक को ड्राइव करने के दौरान नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने मकान में घुस गई।
महाकुंभ से लौट रहे थे श्रद्धालु: बताया जाता है कि प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के उपरांत सभी श्रद्धालु अयोध्या धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। तभी उनकी तेज रफ्तार महिंद्रा टीयूवी कार अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे बबुरहा मोड़ के पास स्थित मनोज ओझा के मकान में घुस गई।
मृतकों की पहचान: हादसे में कार सवार श्रद्धालुओं में झारखंड के रहने वाले कार चालक 30 वर्षीय अभिषेक ओझा, झारखंड के रायगढ़ के रहने वाले 26 वर्षीय सौरभ पुत्र विनोद, बिहार के छपरा जिला के रहने वाले 24 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र राजकुमार सिंह और बिहार के मढ़ौरा चैनपुर के रहने वाले 25 वर्षीय राजू सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में घायल कार सवार: हादसे में बिहार के छपरा जिला निवासी 24 वर्षीय रोहित कुमार सिंह, झारखंड के रायगढ़ जनपद अंतर्गत पचरायू थाना क्षेत्र के भुरकुंडा के रहने वाले 35 वर्षीय आकाश पुत्र रविंद्र प्रसाद, बिहार के भागलपुर जनपद अंतर्गत पनकी सराय थाना क्षेत्र के रहने वाले 22 वर्षीय रुपेश गंभीर रूप से घायल हैं।
घायल दंपति: तेज रफ्तार कार के ठोकर से घर के अंदर सो रहे मनोज ओझा और उनकी पत्नी रेनू ओझा को भी चोट आई है। जिन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ