उत्तर प्रदेश के बरेली में मौसेरे भाई ने भाई को सरे बाजार गोली मार दी। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल अवस्था में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वही मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार के दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के सिद्धिविनायक अस्पताल के पास आरिफ खान को उसके मौसेरे भाई तौहीद खान ने गोली मार दी। जिससे आरिफ लहूलुहान होकर गिर गया। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग चौंक पड़े। घायल पड़े युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पत्नी से अवैध संबंध: बताया जाता है कि तौहीद को अपनी पत्नी और मौसेरे भाई को लेकर शक था। तौहीद को आशंका है कि उसकी पत्नी पर आरिफ डोरे डाल रहा है। उसकी पत्नी भी उसके प्रेम संबंध में फंसती जा रही है। इसी शक वजह से तौहीद ने अपनी मौसी के लड़के को गोली मार दिया।
आरोपी को पकड़ कर किया पुलिस के हवाले: गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के तमाम लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, वही वारदात को अंजाम देने के बाद तौहीद मौके से भागने लगा, तब स्थानीय लोगों ने आरोपी को दौड़कर पकड़ लिया। लोगों के सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बोले एसपी: मामले में नगर पुलिस अधीक्षक मानुष पारिक ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में युवक को गोली मारने की जानकारी मिली थी। सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के पास आरिफ खान पुत्र मोहम्मद राजा खान को उसके मौसेरे भाई तौहीद खान ने उसके पेट में गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आरिफ को अस्पताल में भर्ती कराया है, चिकित्सकों से ज्ञात हुआ है कि घायल की हालत सामान्य है, खतरे से बाहर है। आरोपी तौहीद को मौके से तमंचे के साथ हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में तौहीद ने बताया है कि उसे उसकी पत्नी और आरिफ को लेकर शक था कि, उसकी पत्नी का आरिफ से अवैध संबंध है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ