डेस्क:लड़की की शादी करने के लिए एक रोचक कारनामा प्रकाश में आया है जिसमें राजस्व कर्मचारी को भनक भी नहीं लगने दी और उसकी शादी कर दी। महज चाय पकौड़े पर बुलाया गया था और देखते ही देखते राजस्व कर्मी दूल्हा बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के बेगूसराय में राजस्व कर्मचारी लड़के पर लड़की के घर वालों का मन डोल गया, इसके बाद उन्होंने अपनी लड़की की राजस्व कर्मचारी से शादी करने का मन बना लिया। फिर लड़की के संबंधियों ने चाय पीने के बहाने अपने घर पर बुला कर परीक्षा दिलाने के बहाने लड़के के पास लड़की को भेज कर, घर वालों के लड़के खिलाफ स्थानीय पुलिस में अपहरण का तहरीर दे दिया। फिर लड़की लड़का थाने पर पहुंचे जहां मंदिर में विवाह करवा दिया गया।
फिल्मी स्टाइल में हुई शादी
दरअसल मामला कुछ यूं था कि वधू पक्ष ने अपनी पुत्री के विवाह के लिए सरकारी पद पर तैनात राजस्व कर्मचारी लड़का देखा था। लेकिन लड़के ने अभी शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वधू पक्ष ने राजस्व कर्मी लड़के से शादी करने के लिए ड्रामा रच कर फिल्मी स्टाइल में लड़के के परिजनों के बिना मौजूदगी में मंदिर में शादी कर दिया।
क्या बोले लड़के के पिता
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छौड़ाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पतला गांव के रहने वाले राजस्व कर्मी रिंटू कुमार के पिता श्याम नारायण महतो की माने तो उनका बेटा सीतामढ़ी जनपद के रुन्नीसैदपुर प्रखंड में बतौर राजस्व कर्मचारी तैनात है। 2 माह पूर्व समस्तीपुर जनपद के विभूतिपुर थाना अंतर्गत खदियाही गांव के रहने वाले जागेश्वर प्रसाद अपनी पुत्री रानी चंद्र प्रभा के विवाह के लिए उनके बेटे का रिश्ता लेकर आए थे। लेकिन बेटे ने उस दौरान शादी करने से मना कर दिया।
इस तरह से रची साजिश
राजस्व कर्मी के पिता ने बताया कि उनका लड़का एक महीना पहले गांव आया था, उस दौरान लड़की भी अपने रिश्तेदारी में आई हुई थी। तब रिश्तेदारों ने लड़के को चाय पीने के लिए अपने घर पर बुलाया था। उस दौरान लड़की ने ही अपने हाथों से चाय बना कर दिया था। इसके बाद राजस्व कर्मी बेटा अपने ड्यूटी पर चला गया। फिर राजस्व कर्मी बेटे के पास रिश्तेदारी के एक व्यक्ति ने सीतामढ़ी में परीक्षा केंद्र का हवाला देकर फोन करके निवेदन किया कि युवक को परीक्षा दिलाना है। आपके पास भेज रहा हूं। आप उसे अपने रूम में रखकर परीक्षा दिलवा दीजिए। लेकिन रिंटू कुमार उनकी यह साजिश नहीं समझे और उन्होंने उनकी बातों को स्वीकार कर लिया। परीक्षा देने के बहाने बुधवार को युवक के स्थान पर परीक्षा देने के बदले रानी चंद्रप्रभा पहुंच गई।
अपहरण की दी तहरीर
लड़के के पिता ने बताया कि उधर लड़की राजस्व कर्मचारी के पास परीक्षा देने के लिए पहुंची इधर लड़की के पिता ने विभूतिपुर थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजस्व कर्मचारी रिंटू कुमार ने उनकी पुत्री से विवाह करने की नीयत से अपहरण कर लिया है।
सूचना मिलते ही हड़बड़ा गया राजस्व कर्मी
मामले में तहरीर मिलने पर विभूतिपुर थाना प्रभारी ने राजस्व कर्मी के फोन पर कहा कि तहरीर मिली की रानी चंद्रप्रभा नाम की लड़की आपके पास है, शाम तक लड़की सहित थाने पर पहुंचे। इतना सुनते ही राजस्व कर्मी हड़बड़ा गया। इसके बाद राजस्व कर्मी लड़का लड़की को लेकर समस्तीपुर स्टेशन पहुंचा, इस दौरान वहां विभूतिपुर पुलिस पहले से ही मौजूद थी जो लड़का और लड़की को हिरासत में लेकर विभूतिपुर थाने चली आई।
साजिशन करा दी शादी
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक राजस्व कर्मी के पिता विभूतिपुर पुलिस में पहुंचे जहां लड़की पक्ष के परिजनों के उपस्थिति में प्रखंड मुख्यालय के विभूतनाथ मंदिर में पकड़कर विवाह कर दिया गया। राजस्व कर्मी के पिता का आरोप है कि हम लोगों को बिना जानकारी दिए हुए एक साजिश के तहत यह शादी कराई गई है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक वधू पक्ष के परिजनों का कहना है कि इस शादी में कोई जोर जबरदस्ती नहीं हुआ है। वही इस बाबत छौड़ाही एवं विभूतिपुर पुलिस ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ