रजनीश / ज्ञान प्रकाश
करनैलगंज(गोंडा)। नगर पालिका के मतदाता सूची में तमाम नाबालिग व मृतकों के साथ बाहरी लोगों के नाम शामिल होने पर भाजपा के पदाधिकारियों नगर में लगे बीएलओ व अन्य कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाया है।
भाजपा पदाधिकारियों की मांग पर एसडीएम ने डोर टू डोर सर्वे का निर्देश दिया है। जिसके लिए टीम गठित की गई है। करनैलगंज नगर पालिका की मतदाता सूची में गड़बड़ी होने पर भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की है।
उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मतदाता सूची की गड़बड़ियों को सही कराने की मांग की है। भाजपा नगर निकाय नगर संयोजक आशीष गिरी, नगर अध्यक्ष आशीष सोनी, मदन मोहन उर्फ अन्नू बाबा, कन्हैयालाल वर्मा, चंद्रशेखर गोस्वामी, रामकुमार मौर्या, लक्ष्मी नारायण खेतान, भोले सिंह आदि ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि एक दर्जन वार्डों में विशेष वर्ग के लोगों का नाम बढ़ाने के साथ-साथ शादी करके अलग घर बसाने वाली महिलाओं व मृतक हो चुके लोगों के नाम को मतदाता सूची पर हटाया नहीं गया है।
बल्कि बाहरी लोगों के नाम सूची में जो शामिल थे उन्हें भी छोड़ दिया गया है। सकरौरा में करीब सौ से अधिक नाबालिग बच्चों के आधार कार्ड को फेरबदल करके जन्मतिथि बढाकर उन्हें मतदाता बनाया गया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर क्षेत्र में लगे बीएलओ के द्वारा यह मनमानी तरीके से कार्य किया गया है। एक वर्ग विशेष के लोगों द्वारा नाम बढ़ाने के लिए दिए गए आवेदन को गायब कर दिया गया।
मतदाता सूची में नाम उनका शामिल ही नहीं किया गया है। जिससे लोगों में आक्रोश है। उप जिलाधिकारी हीरालाल ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित किया गया है। जो वार्ड वार जांच कर रही है।
गड़बड़ी पाए जाने पर सम्बंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ