कुलदीप तिवारी
लालगंज, प्रतापगढ़। दर्शन करने जा रही सादे लिवास में महिला सिपाहियों से मनचलों ने दुस्साहसिक ढंग से सरेशाम छेडछाड व मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
सांगीपुर पुलिस ने दुस्साहसिक घटना को लेकर पांच आरोपियो के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं मे केस दर्ज किया है। पुलिस ने दबिश देकर पांचो नामजद आरोपियो को धर दबोचा।
आरोपियो को पुलिस ने बुधवार को गंभीर धाराओं मे जेल भेज दिया। सांगीपुर थाने मे तैनात एक महिला आरक्षी अपने साथ तैनात एक अन्य महिला आरक्षी के साथ स्कूटी से दीपावली की शाम बाबा घुइसरनाथ धाम दर्शन पूजन को जा रही थी।
थाने से कुछ दूर नौगीर के पास पीछे से दो बाइक पर सवार पांच मनचले युवको ने महिला आरक्षियों पर अश्लील फप्तियां कसनी शुरू कर दी। महिला आरक्षियो ने युवकों की हरकतों को पहले टालने का प्रयास किया।
दुस्साहसिक युवकों ने सांगीपुर-घुइसरनाथ मार्ग पर देउम के समीप एक पेट्रोल पम्प के पास बाइक ओवरटेक कर स्कूटी के सामने लगाकर महिला आरक्षियों को रोक लिया।
महिलाओं ने युवकों का विरोध किया तो आरोपियो ने पीडिता के साथ दर्शन करने जा रही दूसरी महिला आरक्षी को मारना पीटना शुरू कर दिया। बचाव मे पीडिता महिला आरक्षी को भी आरोपियो ने मारपीट कर चुटहिल कर दिया।
आरोपियो के हमले मे दोनों महिला आरक्षी घायल हो गयी। जबकि एक महिला आरक्षी मौके पर बेहोश हो गयी। संयोगात तभी वहां एक अन्य महिला आरक्षी भी पहुंच गयी।
युवकों को यह पता चला कि घायल महिलाएं सांगीपुर थाने मे तैनात हैं तो वह महिला आरक्षियों को गाली देते हुए जान से मार देने की धमकी देते चले गये।
घायल महिला आरक्षियों को पुलिस सांगीपुर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां उनका इलाज होने के साथ चोटों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घायल महिला आरक्षी ने हमलावरों की बाइक मे से एक बाइक का नंबर नोट कर लिया था।
वहीं पुलिस को पेट्रोल पम्प के सीसी फुटेज से भी हमलावरो की पहचान करने मे मदद मिल गयी। पुलिस ने हमलावरो को धर दबोचा तथा इनके खिलाफ महिला आरक्षी की तहरीर पर हत्या के प्रयास, मारपीट, छेडछाड व गलत तरीके से जबरिया पीडितो को रोके जाने, महिलाओं को अपमानित करने व जानलेवा धमकी समेत गंभीर धाराओं मे केस दर्ज किया।
पुलिस ने हिरासत मे लिए गये वैशन का पुरवा राजमतीपुर निवासी विपुल सिंह पुत्र बृजभान सिंह, अजीत वर्मा पुत्र संजय वर्मा, अभिषेक सिंह पुत्र तालुकदार सिंह तथा शिवपूजन वर्मा पुत्र पप्पू वर्मा एवं शिवकेश कुमार कोरी पुत्र कल्पनाथ कोरी निवासी पूरे नंदा वैश्य राजमतीपुर को जेल भेज दिया है।
महिला आरक्षियो के साथ छेडछाड तथा जानलेवा हमले की घटना सांगीपुर इलाके मे लोगों की जुबान चढ़ी दिखी।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ